जयपुर। शहर में नदियों के सौंदर्यकरण के नाम पर करोड़ों के प्रोजेक्ट पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। द्रव्यवती नदी की तर्ज पर जेडीए द्वारा कराए जा रहे बंध्यावाली नदी सौंदर्यकरण कार्य में बड़े स्तर पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि ठेकेदार ने जेडीए अधिकारियों से मिलीभगत कर सरकारी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी उठाकर उसी का उपयोग निर्माण कार्य में किया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोनेर रोड से रिंग रोड के बीच करीब 2200 मीटर लंबे रोपाड़ा नाले का सौंदर्यकरण किया जा रहा है, जिस पर लगभग 32 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नियमानुसार निर्माण सामग्री की व्यवस्था ठेकेदार को स्वयं करनी थी, लेकिन आरोप है कि आसपास की सरकारी जमीन से ही मिट्टी उठाकर काम में ली जा रही है। इतना ही नहीं, यह भी सामने आया है कि रात के समय चोरी-छिपे मिट्टी उठाने का सिलसिला जारी है। मामले को लेकर जेडीए अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। सूत्रों का कहना है कि मिट्टी चोरी पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों का दावा है कि वर्तमान में सरकारी जमीन से मिट्टी नहीं उठाई जा रही और जहां से पहले मिट्टी ली गई थी, वहां दोबारा भराई के निर्देश दिए गए हैं।
नदी का पेटा भी ‘सिकुड़ा’?

बंध्यावाली नदी, जो पहले 100 से 200 मीटर चौड़ी बताई जाती है, अब सौंदर्यकरण के नाम पर सीमित दायरे में लाई जा रही है। हालांकि जेडीए का दावा है कि जल संसाधन विभाग के राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर ही नदी को उसके मूल स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। लेकिन स्थानीय स्तर पर नदी के प्राकृतिक विस्तार में बदलाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी देखें: कचरे के नारियल से तैयार किए हजारों ‘घोंसले’, बेजुबान पक्षियों को दिया नया बसेरा
विकास बनाम अनियमितता
प्रोजेक्ट के तहत वाटर रिचार्ज का ध्यान रखते हुए नाले में कोबल स्टोन, दोनों ओर सीसी स्लैब, रैलिंग, फुटपाथ, हरित क्षेत्र और सर्विस रोड विकसित की जा रही है। साथ ही, दो पुलों के निर्माण से हेरिटेज सिटी, पटेल नगर और मैरिज गार्डन योजना के बीच सीधी कनेक्टिविटी भी मिलेगी। इन पुलों पर करीब 6 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा नाले को पर्यटन के लिहाज से भी विकसित करने की योजना है, जिसमें पौंड, हरित क्षेत्र, मछली पालन और भविष्य में नौकायन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
यह भी देखें: 250 CCTV खंगालकर ₹5.5 लाख का सोने का कड़ा बरामद, महिला को लौटाई मुस्कान, कांस्टेबल को मिला इनाम
जांच के आदेश की बात
मामले पर जेडीए के डायरेक्टर (इंजीनियर) संजीव कुमार जैन का कहना है कि उन्हें मिट्टी चोरी की जानकारी नहीं है। “मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।”
यह भी देखें: घटिया दवाओं पर भजनलाल सरकार का बड़ा एक्शन: 7 मेडिसिन फेल, तुरंत बाजार से हटाने के आदेश!
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






