– फर्जी डायरियों से सरकार को चूना लगाने वाले बाप-बेटों का ‘फर्जीवाड़ा सिंडिकेट’ ध्वस्त
जयपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन मोड में आई राजस्थान एसीबी ने फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरी घोटाले के मास्टरमाइंड गिरोह पर बड़ा शिकंजा कसा है। लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी जयप्रकाश उर्फ जे.पी. को एसीबी की टीम ने मंगलवार को अलवर के खेड़ली कस्बे से धर दबोचा। सरकारी खजाने को चपत लगाने वाले इस फर्जीवाड़े के आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही एसीबी ने साफ संदेश दे दिया है कि ‘अपराधी चाहे कितना भी शातिर हो, कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता।’
प्रिंटिंग प्रेस से फर्जीवाड़ा, राज्य सरकार को लगाया करोड़ों का चूना
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी जयप्रकाश ने अपने पिता उदयचन्द शर्मा के साथ मिलकर खेड़ली स्थित ‘मोहन ऑफसेट प्रिंटर्स’ से फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरियां छपवाई थीं। गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश इस पूरे खेल के मुख्य सरगना भूपेन्द्र शर्मा का भाई और पूर्व में गिरफ्तार आरोपी उदयचन्द शर्मा का बेटा है। बाप-बेटों के इस शातिर गिरोह ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर फर्जी डायरियों के जरिए राज्य सरकार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया और खुद मोटा माल बटोरा।
यह भी देखें: राजस्थान में गैंगस्टर सिंडिकेट एक्टिव! ATS ने मोंटी को दबोचा, पाकिस्तान कनेक्शन की भी जांच
‘अब सलाखों के पीछे कटेगी रात, धाराओं का लगा अंबार’
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (1988) की धारा 13(1)(c), 13(1)(d) सहित आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468 (जालसाजी), 471, 477-A, 409 और 120-B (साजिश) के तहत गंभीर अपराध प्रमाणित पाए गए हैं।
यह भी देखें: 93 करोड़ की दवा योजना पर सवाल! राजस्थान में बिना फार्मासिस्ट चल रहे हजारों पशु चिकित्सा केंद्र
कोर्ट का वारंट और एसीबी का ‘फुल एक्शन’
जयपुर महानगर के विशेष सेशन न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) क्रम-3 द्वारा जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामील में यह कार्रवाई की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव, उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कौशिक के कड़े सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक अर्चना मीणा की टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश को अब अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है। एसीबी के इस ऐक्शन से भ्रष्टाचारियों और जालसाजों में हड़कंप मच गया है।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: DemocraticBharat.com






