– राजस्थान ATS की बड़ी कार्रवाई: खालिस्तानी प्रचार, आतंकी चैट और पाकिस्तान लिंक का खुलासा
जयपुर। राजस्थान एटीएस ने देशविरोधी और अलगाववादी ताकतों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक संदिग्ध युवक को बेनकाब किया है। सोशल मीडिया पर खुलेआम प्रो-खालिस्तान और प्रो-पाकिस्तान एजेंडा चलाने वाले आरोपी गुरुविन्दर सिंह के खिलाफ अब कानूनी शिकंजा कस दिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी न सिर्फ देश विरोधी सामग्री फैला रहा था, बल्कि आतंकी संगठनों से संपर्क में रहकर भारत विरोधी साजिशों में भी सक्रिय था। यह कार्रवाई एटीएस के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम. एन. के निर्देशन और महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में की गई। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग शाखा की प्रभारी पुलिस निरीक्षक निशा चांवरिया के नेतृत्व में संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी के दौरान यह सनसनीखेज मामला सामने आया।जांच के बाद एटीएस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम को पंजाब रवाना किया। वहां पूछताछ और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण में खुलासा हुआ कि संदिग्ध गुरुविन्दर सिंह लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खालिस्तान समर्थक और पाकिस्तान समर्थित पोस्ट, वीडियो, ऑडियो, चैट और भड़काऊ कमेंट साझा कर रहा था।
यह भी देखें: सफाई के बिल पास कराने के बदले रिश्वत, बूंदी में ग्राम विकास अधिकारी ₹25 हजार लेते गिरफ्तार
TRF कनेक्शन से सनसनी
सबसे गंभीर खुलासा आरोपी के फेसबुक मैसेंजर चैट से हुआ। जांच एजेंसियों को आरोपी के मोबाइल से प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े संदिग्धों के साथ बातचीत के सबूत मिले हैं। चैट और वॉइस नोट्स में AK-47 और ग्रेनेड मंगवाने, बम ब्लास्ट की योजना बनाने और आतंकी वारदात को अंजाम देने जैसी खतरनाक साजिशों की चर्चा सामने आई है। इतना ही नहीं, आरोपी ने सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्र में स्थित बीएसएफ चौकी का वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं तक पहुंचाया। सुरक्षा एजेंसियां इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला मान रही हैं।
खलिस्तानी संदेशों से युवाओं को भड़काने की साजिश
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लगातार गुरपतवंत सिंह पन्नू के खालिस्तान समर्थक वीडियो और संदेश सोशल मीडिया पर शेयर कर रहा था। आरोपी के अलगाववादी संगठनों और संदिग्ध तत्वों से संपर्क होने के भी अहम सुराग मिले हैं। एजेंसियों को उसके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स से ऐसी सामग्री भी मिली है, जो देश में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को भड़काने से जुड़ी बताई जा रही है।
यह भी देखें: बिजली चोरी का मामला दबाने की डील, ₹25 हजार रिश्वत लेते JEVVNL कर्मचारी गिरफ्तार
आतंकी लिंक की हो रही पहचान
राजस्थान एटीएस की सूचना पर पंजाब पुलिस ने तरनतारण जिले के थाना सदर पट्टी में आरोपी गुरुविन्दर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी के नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित आतंकी लिंक की गहन पड़ताल में जुटी हुई हैं।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






