शहीद स्मारक से निर्वाचन आयोग कार्यालय तक हजारों कार्यकर्ताओं का मार्च; डोटासरा, गहलोत, रंधावा और जूली समेत नेताओं ने दी गिरफ्तारी- SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जयपुर। कथित ‘वोट चोरी’, मतदाता सूची में अनियमितताओं और राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा पर कथित रूप से सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर राजस्थान कांग्रेस सोमवार को जयपुर की सड़कों पर उतर आई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में शहीद स्मार क पर विशाल धरना दिया। इसके बाद हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया। पुलिस ने मार्च को रोका और कार्रवाई के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शन में राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एआईसीसी सहसचिव पूनम पासवान एवं रित्विक मकवाना समेत विधायक, सांसद, चुनाव प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष, पीसीसी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को मतदाता अधिकार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर अपने राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत बताया है। प्रदेश कांग्रेस के मुताबिक 29 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे।
यह भी देखें: डोटासरा पर किरोड़ी का सबसे बड़ा वार! ‘फर्जी OBC सर्टिफिकेट से परिवार को बनवाया RAS’, FIR की मांग से सियासी भूचाल
डोटासरा का सीधा हमला-‘वोट का अधिकार छीनने की साजिश’

धरने को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान में मिले मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोप उठाए हैं उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूचियों में बदलाव, SIR और चुनावी डेटा के केंद्रीकरण से बड़ी संख्या में मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं।
पुलिस ने डोटासरा, जूली और गहलोत पर वाटर कैनन चलाई

कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर पहले शहीद स्मारक पर सभा की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के ऑफिस के लिए कूच किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया तो हल्की झड़प हो गई। पुलिस ने गहलोत-डोटासरा-जूली समेत सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाई। इसके बाद सभी नेताओं को वैन में बैठाकर विद्याधर नगर थाने ले जाया गया।
Form-6 और 2002 की वोटर लिस्ट पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
डोटासरा ने विशेष रूप से Form-6 में कथित बदलाव और 2002 की मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेज को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि इससे नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया कठिन हुई और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को केंद्रीकृत किया गया और इससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए।
‘बिहार-बंगाल में वोट काटे गए’- डोटासरा का दावा
डोटासरा ने बिहार और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए गए और इससे मताधिकार प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर SIR से जुड़ी कथित अनियमितताओं को जनता के सामने रखेगी।
यह भी देखें: ‘सत्ता में आए तो बदल देंगे सूरत’ पट्टा वितरण से लेकर फ्री कचरा कलेक्शन तक, कांग्रेस ने खोला वादों का पिटारा
निकाय चुनावों को लेकर भी भाजपा पर बरसे डोटासरा
डोटासरा ने राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल कर कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि पार्षदों को डराने-धमकाने और प्रलोभन देने के आरोप सामने आए तथा कुछ मामलों में अपहरण की एफआईआर भी दर्ज हुईं। डोटासरा ने दावा किया कि भरतपुर समेत कुछ स्थानों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों पर सरकारी एजेंसियों के जरिए दबाव बनाया गया।
‘पंचायत चुनाव में भाजपा को जवाब देंगे’
डोटासरा ने कहा कि निकाय चुनाव के बाद अब कांग्रेस पंचायत चुनाव में पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पुलिस या प्रशासनिक कार्रवाई के डर से पीछे न हटें। उन्होंने कांग्रेस के आगामी संघर्ष को लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई बताया और कहा कि पार्टी का अभियान अब प्रदेश के गांवों और ढाणियों तक पहुंचेगा। डोटासरा ने आगे कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव में भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने 2028 में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार और 2029 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का राजनीतिक दावा भी किया।
रंधावा ने पूछा-‘ज्ञानेश कुमार कब गिरफ्तार होंगे?’
राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने प्रदर्शन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई कब होगी। उन्होंने राजस्थान के निकाय चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भाजपा के सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन किया है। रंधावा ने इसे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के पक्ष में संकेत बताया।
जूली ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति पर उठाया सवाल
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून में हुए बदलाव पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि नियुक्ति प्रक्रिया में मुख्य न्यायाधीश की जगह केंद्रीय मंत्री को शामिल करने का निर्णय क्यों लिया गया। जूली ने चुनाव आयुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से जुड़े प्रावधानों को लेकर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
गहलोत बोले- ‘मताधिकार पर सवाल खड़ा करना गंभीर मामला’
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र पर प्रहार हो रहा है और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर आम जनता के बीच जागरूकता पैदा करने की जरूरत है। गहलोत ने SIR के दौरान मतदाताओं से दस्तावेज मांगे जाने और नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से मतदान कर रहे लोगों के मताधिकार पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह लड़ाई किसी एक पार्टी के लिए नहीं बल्कि प्रत्येक मतदाता के अधिकार के लिए लड़ रही है।
29 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी के मुताबिक 29 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटियां कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाएंगी। पार्टी की मांग है कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की जाए।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: DemocraticBharat.Com






