जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी (इंटेलिजेंस) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए कथित तौर पर फंडिंग नेटवर्क संचालित करने वाले एक एजेंट को गिरफ्तार कर देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक अहम नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी जासूसी गतिविधियों में शामिल लोगों तक आईएसआई की ओर से धनराशि पहुंचाने का काम करता था। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि जनवरी 2026 में शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत दर्ज एक मामले में जैसलमेर निवासी झबरा राम और असम के डिब्रूगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर एमटीएस के पद पर कार्यरत सुमित कुमार को भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलरों तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
यह भी देखें: यमुना जल पर 32 साल का ‘सियासी सूखा’ खत्म, CM भजनलाल का बड़ा दांव, कांग्रेस से मांगा हिसाब
जांच में खुली फंडिंग नेटवर्क की परतें
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों को कथित जासूसी गतिविधियों के बदले आईएसआई की ओर से धनराशि महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी रफीक चांद शेख (41) के माध्यम से भेजी जाती थी। इसके बाद सीआईडी (इंटेलिजेंस) ने रफीक से पूछताछ की, जिसमें कई अहम खुलासे हुए। जांच एजेंसी के अनुसार रफीक पिछले करीब चार वर्षों से आईएसआई के एक हैंडलर के संपर्क में था। सोशल मीडिया के जरिए बने इस संपर्क के बाद उसने अपने और अन्य लोगों के नाम से कई बैंक खाते खुलवाए तथा उनके माध्यम से कथित तौर पर जासूसी नेटवर्क से जुड़े लोगों तक रकम पहुंचाई।
सबूत मिलने के बाद हुई गिरफ्तारी
सीआईडी (इंटेलिजेंस) का कहना है कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद रफीक चांद शेख की भूमिका आईएसआई के फंडिंग एजेंट के रूप में सामने आई। इसके आधार पर उसे 30 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी देखें: आतंकी नेटवर्क का डिजिटल चेहरा बेनकाब, पाकिस्तान को भेजा BSF चौकी का Video, बम ब्लास्ट की साजिश
जांच अभी जारी
राजस्थान पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसियां इस वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों, बैंक खातों और लेन-देन की भी गहन पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि देश की सुरक्षा के खिलाफ काम करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: DemocraticBharat.com






