Home » राजनीति » SMS अस्पताल में बड़ा बदलाव, अब शाम को भी मिलेगी डॉक्टरों की सेवा

SMS अस्पताल में बड़ा बदलाव, अब शाम को भी मिलेगी डॉक्टरों की सेवा

-SMS अस्पताल में हेल्थ सिस्टम हाई अलर्ट पर: लंबी कतारों से राहत, जयपुर के SMS अस्पताल में शाम 7 बजे तक इलाज, बढ़ेंगे दवा काउंटर और स्टाफ

जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल में बढ़ते रोगीभार और मरीजों की लंबी कतारों को देखते हुए अब अस्पताल प्रशासन ने बड़ी पहल करने का निर्णय लिया है। मरीजों को सुगमता से उपचार उपलब्ध कराने और अस्पताल में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अधिक रोगीभार वाले विभागों में इवनिंग ओपीडी शुरू की जाएगी। इसकी शुरुआत पहले चरण में मेडिसिन विभाग से होगी। इसके अलावा दवा वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने तथा जांच के लिए सैंपल कलेक्शन केंद्रों पर अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को एसएमएस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल देश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित सरकारी अस्पतालों में शामिल है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में रोगीभार अधिक होना स्वाभाविक है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को लंबी कतारों में खड़े रहने से राहत देने के लिए तत्काल प्रभाव से व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए और साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजना भी तैयार की जाए।

यह भी देखें: लू का अलर्ट, सिस्टम हाई अलर्ट पर: अस्पतालों में हीट स्ट्रोक कॉर्नर अनिवार्य, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी!

शाम 5 से 7 बजे तक चलेगी इवनिंग ओपीडी

निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने धन्वंतरि ओपीडी में कार्डियोलॉजी, मेडिसिन और आर्थोपेडिक्स विभाग का दौरा किया। यहां मरीजों की भारी भीड़ को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों में रोगीभार अत्यधिक रहता है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इवनिंग ओपीडी शुरू की जाए। उन्होंने प्रथम चरण में मेडिसिन विभाग में शाम 5 बजे से 7 बजे तक इवनिंग ओपीडी संचालित करने के निर्देश दिए। इस ओपीडी में वरिष्ठ चिकित्सकों सहित पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और अन्य स्टाफ उपलब्ध रहेगा, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो भविष्य में अन्य विभागों में भी इवनिंग ओपीडी शुरू करने पर विचार किया जाएगा।

दवा वितरण केंद्रों पर बढ़ाई जाएगी सुविधा

प्रमुख शासन सचिव ने अस्पताल के दवा वितरण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद भीड़ और लंबी कतारों पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से 4 से 5 नए दवा वितरण काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आवश्यक दवा सूची में शामिल सभी दवाएं अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि यदि किसी दवा की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है तो उसकी नियमानुसार खरीद कर मरीजों को उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए कॉन्फेड जैसी संस्थाओं के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा सकता है।

सैंपल कलेक्शन केंद्रों पर बढ़ेगा स्टाफ


इस दौरान ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर पर भी मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस पर प्रमुख शासन सचिव ने यहां अतिरिक्त मानव संसाधन लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को जांच के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े और प्रक्रिया तेज एवं व्यवस्थित हो सके।

यह भी देखें: SMS में मेडिसिन विभाग पर ही डाल दिया OPD का बोझ, विशेषज्ञ डॉक्टर्स की फिर मौज

गर्मी में विशेष इंतजाम के निर्देश


प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए राठौड़ ने अस्पताल प्रशासन को कूलिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए नियमानुसार आरएमआरएस फंड का उपयोग किया जाए, लेकिन किसी भी स्थिति में मरीजों को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मरीजों और परिजनों से लिया फीडबैक

प्रमुख शासन सचिव ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद भी किया। उन्होंने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों के व्यवहार, दवा उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

ऐसी ही खबरों के लिए देखें: DemocraticBharat.com

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x