– डोटासरा ने झालावाड़-बारां से भरी हुंकार, “अब पंचायत चुनाव में जनता लेगी कुशासन का बदला
झालावाड़/बारां। प्रदेश में पंचायत राज चुनाव के शंखनाद के साथ ही राजनीतिक पारा गरमा गया है। बुधवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने झालावाड़ के भवानीमंडी में विशाल जनसभा को संबोधित किया और इसके बाद बारां जिले में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी भाजपा के कुशासन को आड़े हाथों लिया।
यह भी देखें: वोट चोरी के खिलाफ जयपुर में कांग्रेस का महा-संग्राम, डोटासरा बोले- ‘गांव-ढाणी तक ले जाएंगे यह लड़ाई’
नकली खाद-बीज और नकली सरकार

डोटासरा ने कृषि व्यवस्था पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि आज प्रदेश का किसान बदहाल है, उन्हें समय पर खाद और बीज नहीं मिल रहा है। जो बीज बांटे जा रहे हैं, वे पूरी तरह नकली हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कृषि मंत्री खुद प्रदेश भर में छापे मारकर कह रहे हैं कि नकली खाद-बीज बिक रहा है, लेकिन राजस्थान की जनता चीख-चीखकर कह रही है कि प्रदेश की तो सरकार ही ‘नकली’ है।” उन्होंने कहा कि देश की भाजपा सरकार किसानों के खिलाफ तीन काले कानून लाई और आंदोलन करने पर देश के अन्नदाताओं को ‘आतंकवादी’ और ‘खालिस्तानी’ कहकर अपमानित किया गया।
“नगरीय निकायों में जनता ने दिखाया आईना, पुलिस के दम पर बनाए बोर्ड”
निकाय चुनावों के आंकड़ों का हवाला देते हुए डोटासरा ने कहा कि भाजपा प्रचंड जीत का ढोल पीट रही है, जबकि हकीकत यह है कि जनता ने उन्हें आईना दिखा दिया था। जयपुर में कांग्रेस 16,600 से अधिक मतों से आगे रही, बीकानेर और झालावाड़ में 5-5 प्रतिशत मत अधिक मिले, जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के गृह जिले पाली और भरतपुर में भी भाजपा को झटका लगा। डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सिर्फ पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग करके बोर्ड बनाए हैं, लेकिन अब पंचायत चुनाव में जनता इस कुशासन का हिसाब चुकता करेगी।
वोट चोरी और महिला उत्पीड़न पर बरसे

डोटासरा ने दिल्ली में उजागर हुई कथित ‘वोट चोरी’ और जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों के साथ हुई पुलिस बर्बरता का मुद्दा भी पुरजोर ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि यौन शोषण के आरोपी भाजपा नेता को कोर्ट से बचा लिया गया, जो भाजपा के असली चेहरे को बेनकाब करता है। आज देश में संविधान बचाने के लिए एक नई क्रांति का आगाज हो चुका है।
यह भी देखें: ‘सत्ता में आए तो बदल देंगे सूरत’ पट्टा वितरण से लेकर फ्री कचरा कलेक्शन तक, कांग्रेस ने खोला वादों का पिटारा
“बिजली, पानी, सड़क और पेंशन ठप्प, जड़ से उखाड़ फेंकने का वक्त”
प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर तीखा प्रहार करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। नौजवानों को नौकरियां नहीं मिल रही हैं, पात्र बुजुर्गों की पेंशन रोक दी गई है, सड़कें टूटी पड़ी हैं और जनता को न पानी मिल रहा है न बिजली। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता का आह्वान किया कि एकजुट होकर इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें और पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताकर विकास का नया दौर शुरू करें
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: DemocraticBharat.Com






