– बांध की पाल तोड़ने और धमकियों से भड़के लोग, सांगानेर सदर थाने में ग्रामीणों ने दी शिकायत
– हाईटेंशन लाइन के नीचे बन रहे पम्पिंग स्टेशन का विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हुए दबंग
जयपुर। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के गांव गंवार ब्राह्मणान में अवैध रंगाई-छपाई फैक्ट्रियों के काले कारोबार और दबंगई के खिलाफ ग्रामीणों ने आर-पार का मोर्चा खोल दिया है। गांव के पर्यावरण और लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सांगानेर सदर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है और फैक्ट्री संचालकों व उनके संगठन के पदाधिकारियों पर तुरंत FIR दर्ज कर उन्हें पाबंद करने की मांग की है।
यह भी देखें: सांगानेर में रोटेशनल प्लान का फर्जीवाड़ा; 758 की आड़ में 134 अवैध फैक्ट्रियां भी चालू, डायरेक्टर की फैक्ट्री भी शामिल
जहरीला पानी बांध में डालने की साजिश, तोड़ी वर्षों पुरानी पाल

शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के बीचों-बीच हाईटेंशन लाइन के नीचे एक विशालकाय गड्ढे को भरने की आड़ में अवैध प्लांट और पंपिंग स्टेशन खड़ा किया जा रहा है। फैक्ट्रियों से निकलने वाले रसायनयुक्त और जहरीले पानी को जबरन बांध में डम्प करने का खतरनाक खेल चल रहा है। हद तो तब हो गई, जब इस अवैध मंशा को पूरा करने के लिए भू-माफिया और फैक्ट्री संचालकों ने बांध की सालों पुरानी ऐतिहासिक पाल को ही तोड़ डाला, जिससे पूरे गांव की सुरक्षा और संपत्ति पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है।
विरोध पर जान से मारने की धमकी, पुलिस से सुरक्षा की गुहार
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इस अवैध निर्माण और प्रदूषण का विरोध किया, तो फैक्ट्री संचालक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियों पर उतर आए। बीते 6 और 7 अक्टूबर को दर्जनों दबंगों ने इकट्ठा होकर ग्रामीणों के साथ अभद्रता की और जबरन पोल व ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली कनेक्शन चालू करने की कोशिश की।
यह भी देखें: सांगानेर में ‘टॉक्सिक’ खेल का पर्दाफाश: SEPD का भ्रमजाल ध्वस्त, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ठोंका ₹20.16 लाख का जुर्माना
बीमारियों का खौफ, प्रशासन से तुरंत एक्शन की मांग

क्षेत्र में दिन-रात फैल रहे जहरीले प्रदूषण से ग्रामीणों में बीमारियों का खौफ छाया हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए निष्पक्ष जांच, अवैध निर्माण पर तत्काल रोक, अतिक्रमण हटाने और ग्रामीणों को पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराने की पुरजोर मांग की है।





