– डीएसटी और खींवसर पुलिस की संयुक्त रेड, पुलिस ने नेटवर्क को दे डाली चेतावनी
Mining mafia in Aravalli Hills नागौर। नागौर पुलिस ने अरावली पहाड़ियों में अवैध खनन पर शनिवार को बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की। खींवसर पुलिस और डीएसटी टीम ने मौके से 10 करोड़ रुपए कीमत की खनन मशीन सहित कुल 16 वाहन जब्त किए हैं। वहीं अवैध खनन कर रहे 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कम्प मच गया। पुलिस का कहना है कि आगामी दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है। आपको बता दें कि अरावली पहाड़ियों में सुप्रीम कोर्ट ने खनन पर रोक लगा रखी है।
ये वाहन किए जब्त
SP मृदुल कच्छावा ने बताया कि पुलिस ने खींवसर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर और बैरावास की सीमा पर रेड मारी। वहां पर अवैध खनन का बड़ा खेल चल रहा था। पुलिस ने पहाड़ों का सीना चीरने वाली 4 विशालकाय चैन माउंटेड LNT पोकलेन मशीन, 3 जेसीबी, 4 भारी-भरकम डम्पर और 3 ट्रैक्टर जब्त किए। इसके अलावा 1 स्कॉर्पियो और 1 बाइक भी जब्त की है, इन वाहनों से खनन माफिया निगरानी करते थे। इन सभी वाहनों को भारी जाप्ते के साथ थाने में लाकर खड़ा किया है।
यह भी देखें: जनता की अदालत में जयपुर कमिश्नर : FIR जांच पर उठे सवाल, कमिश्नर सचिन मित्तल ने तलब की रिपोर्ट
9 आरोपी सलाखों के पीछे, कई जिलों से जुड़े हैं तार
पुलिस ने अवैध खनन करने के आरोप में 9 आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नागौर, जोधपुर ग्रामीण, डीग, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा और ब्यावर जैसे अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राधाकिशन, मदनलाल, जलीस, विष्णु, राजमल, नेमाराम, देवराजसिंह, शंकरसिंह और सुरेश कुमार चौधरी शामिल हैं।
इस टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में खींवसर थानाधिकारी कन्हैयालाल और डीएसटी प्रभारी मुकेश कुमार की टीम का विशेष योगदान रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और वृत्ताधिकारी धरम पूनिया के सुपरविजन में टीम ने इतनी गोपनियता से दबिश दी कि माफियाओं को भागने का मौका तक नहीं मिला।






