– जनसुनवाई में पहुंचे 5 थानों के परिवादी, मुकदमे सम्बंधी थे ज्यादा परिवाद, नशे के खिलाफ दी बड़ी चेतावनी
जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल पहली बार जनता की अदालत में पहुंचे। परिवादियों ने कमिश्नर के सामने थानों में दर्ज FIR की जांचों पर ही सवाल उठा दिया। ज्यादातर परिवादी थानों में दर्ज FIR की निष्पक्ष जांच नहीं होने से दुखी थे तो कई ने FIR की धीमी गति की पीड़ा कमिश्नर को बताई। इस पर कमिश्नर सचिन मित्तल ने अधिकारियों से तुरंत रिपोर्ट तलब की है, जिससे मुकदमों की सही जांच के बारे में पता लगाया जा सके। आपको बता दें कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को पहली बार झोटवाड़ा स्थित ACP ऑफिस में जनसुनवाई की।
5 थानों के पहुंचे परिवादी, कमिश्नर ने सुनी पीड़ा

कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जनसुनवाई में झोटवाड़ा ACP ऑफिस के अंतर्गत आने वाले 5 थानों झोटवाड़ा, करधनी, खोराबीसल, कालवाड़ और मुरलीपुरा सहित दूसरे थाने के परिवादी भी आए। ज्यादातर परिवाद मुकदमे से सम्बंधित थे। इस पर अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आमजन कमिश्नर ऑफिस नहीं आ पाता है, इसलिए जनसुनवाई में उनकी पीड़ा जानी। नशे पर कार्रवाई को लेकर कमिश्नर ने कहा कि हमने अभी तक कई बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है और आगे भी नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी देखें: आय से 938% अधिक अवैध संपत्ति का खुलासा: फलोदी में कनिष्ठ सहायक के 5 ठिकानों पर ACB रेड
जमीन विवाद सुलझाने और अवैध कब्जे हटाने की गुहार
जनसुनवाई के दौरान परिवादियों ने क्षेत्र में आपसी मुकदमे, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें कमिश्नर को दी। इस पर कमिश्नर ने अफसरों को सभी शिकायतों की जांच कर परिवादी को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। कई परिवादियों की समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया। आपको बता दें कि थाना स्तर पर रोजाना जनसुनवाई की जा रही है।
ये भी रहे मौजूद
इस दौरान विशेष पुलिस आयुक्त ऑपरेशंस राहुल प्रकाश,अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रथम मनीष अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद मीणा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम और सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा सहित संबंधित एसएचओ और थाने के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






