– साइबर क्राइम शाखा ने जारी की हाई अलर्ट एडवाइजरी, आमजन को किया सतर्क
जयपुर। यदि आपके पास डिजिटल जनगणना को लेकर कोई कॉल, लिंक या फिर घर आकर डेटा भरने के नाम पर ओटीपी मांगा जा रहा है, तो सावधान हो जाइए। ये सभी साइबर ठग हैं, जो डिजिटल जनगणना के नाम पर आमजन को ठग रहे हैं। साइबर क्राइम के एडीजी वीके सिंह के निर्देश पर साइबर क्राइम शाखा ने इस सम्बंध में एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि केन्द्र सरकार की ओर से शुरू की गई डिजिटल जनगणना की आड़ में साइबर अपराधी लोगों को ठग रहे हैं। साइबर अपराधी खुद को जनगणना अधिकारी बताकर संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और घर-घर पहुंचकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ा रहे हैं। एडवाइजरी में चेताया गया है कि ये ठग तकनीक और मनोवैज्ञानिक दबाव दोनों का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं।
3 तरीकों के जरिए लोगों से कर रहे ठगी
फर्जी कॉल: साइबर ठग स्वयं को जनगणना अधिकारी बताकर परिवार, आधार नम्बर और बैंक डिटेल्स मांगते हैं। फिर AnyDesk या TeamViewer जैसे स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर फोन का कंट्रोल ले लेते हैं। फिर बैंक खाते से पैसे साफ कर देते हैं।
घर पर आकर ठगी: कई साइबर अपराधी घर पर आते हैं और टैबलेट पर डेटा भरने का नाटक करते हैं और ओटीपी मांग लेते हैं, फिर बैंक खाते से पैसे उड़ा लेते हैं।
फर्जी SMS और लिंक: “जनगणना अपडेट करें, वरना सुविधा बंद” जैसे डरावने मैसेज के साथ लिंक भेजे जाते हैं। इन पर क्लिक करते ही बैंकिंग जानकारी हैक हो सकती है।
यह भी देखें: पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: लॉरेंस–गोदारा नेटवर्क पर बड़ी चोट, 19 जिलों में एक साथ रेड, 214 गिरफ्तार
यह है सही प्रक्रिया?
साइबर क्राइम के उपमहानिरीक्षक पुलिस शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि डिजिटल जनगणना के तहत Self-Enumeration की सुविधा केवल आधिकारिक वेबसाइट www.se.census.gov.in पर उपलब्ध है। स्व-गणना की अवधि 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तय की गई है और यह पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। किसी भी प्रकार की फीस, QR कोड या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसे मांगना सीधे तौर पर ठगी है।
ऐसे रहें सुरक्षित
– किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें
– “फ्री राशन” या सरकारी योजना वाले मैसेज से सावधान रहें
– ओटीपी, बैंक डिटेल या आधार जानकारी किसी को ना दें
– घर आने वाले व्यक्ति का आईडी कार्ड जरूर जांचें
– संबंधित बीएलओ से पुष्टि करें
– ठगी होने पर तुरंत हैल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें
यह भी देखें: पैरोल पर छूटा इनामी उम्रकैदी 8 साल रहा फरार, पुलिस ने गैस डिलीवरी बॉय बनकर उदयपुर से दबोचा
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






