– जयपुर में पेंशन विभाग का AAO 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी अन्य की भूमिका भी जांच रही
जयपुर। एसीबी ने सोमवार को जयपुर में पेंशन विभाग के एएओ (द्वितीय) राजेश कुमार खंडेलवाल को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूरी फैमिली पेंशन बनाने के नाम पर परिवादी से यह रिश्वत राशि ली थी। इतना ही नहीं आरोपी ने पूर्व का एरियर बनाने के बदले में कुल एरियर राशि का 10 फीसदी भी रिश्वत में मांगी थी। इस पर एसीबी ने रिश्वत लेते आरोपी एएओ (द्वितीय) को दबोच लिया।
परिवादी को परेशान कर रहा था आरोपी
एसीबी के डीजी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने इस सम्बंध में जयपुर चौकी को शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया कि परिवादी के पिताजी का निधन होने के बाद मां को पूर्ण पेंशन नहीं मिल रही थी। पूरी पेंशन बनाने के बदले में आरोपी राजेश खंडेलवाल 10 हजार रुपए और पहले का एरियर बनाने की एवज में एरियर राशि का 10 फीसदी रिश्वत में मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रेप कार्रवाई की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह भी देखें: चित्तौड़गढ़ में वीडीओ और जूनियर असिस्टेंट ने चैक से ले ली रिश्वत, कुल 2.10 लाख घूस लेते गिरफ्तार
इनके ट्रेप में फंस गया आरोपी
यह ट्रेप कार्रवाई एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक द्वितीय आनन्द शर्मा के सुपरविजन में एसीबी चौकी जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानप्रकाश नवल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजी लाल और अन्य ने अंजाम दिया। आरोपी से अन्य की भूमिका के संबंध में एसीबी पूछताछ कर रही है। एसीबी के महानिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और कार्रवाई की जा रही है।






