टी20 वर्ल्ड कप 2026 चेन्नई। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाव्वे को 72 रनों से हरा दिया। अब भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले के बाद सेमीफाइनल का टिकट तय होगा। भारत ने जिम्बाव्वे को हरा कर अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है। भारत की ओर से अर्शदीप ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। इससे पहले भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए जिम्बाव्वे के खिलाफ 20 ओवर में 256 रन बनाकर इतिहास रच दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस ‘करो या मरो’ मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इससे पहले इसी टूर्नामेंट में नामीबिया के खिलाफ बनाए गए 209 रन भारत का टॉप स्कोर था, जिसे भारत ने अभी खेले जा रहे मैच में पीछे छोड़ दिया है। जिम्बाव्वे 20 ओवर में 184 रन ही बना पाई।
17 छक्कों से रचा इतिहास
भारतीय टीम ने अपनी पारी में कुल 17 छक्के जड़े, जो टी20 वर्ल्ड कप की एक पारी में भारत की ओर से लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं। इससे पहले 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 छक्के भारत का अब तक का बेहतरीन प्रदर्शन था। इस सीरीज में अब तक भारत 63 छक्के लगा चुका है, जो किसी एक टी20 वर्ल्ड कप सीरीज में भारतीय टीम का बेस्ट आंकड़ा है। 2024 में टीम ने कुल 61 छक्के लगाए थे। इस एडिशन में केवल वेस्ट इंडीज टीम 66 छक्के लगाकर भारत से आगे है।
स्ट्राइक रेट और डॉट बॉल में भी रिकॉर्ड
बता दें कि भारतीय पारी के टॉप छह बल्लेबाजों ने 150 से अधिक स्ट्राइक रेट से रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला मौका है जब एक पारी में छह बल्लेबाजों ने 20 से अधिक रन 150+ स्ट्राइक रेट से बनाए हों। टीम इंडिया की पारी में केवल 26 डॉट गेंदें रहीं, जो टी20 वर्ल्ड कप में 20 ओवर की खेली गई पारी में सबसे कम डॉट बॉल का रिकॉर्ड है। इससे पहले 2016 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने भी 26 डॉट गेंदें खेली थीं।
सेमीफाइनल की राह मजबूत
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में 125 रन भी नहीं बना पाने वाली भारतीय टीम ने इस धमाकेदार प्रदर्शन से न सिर्फ आलोचकों को करारा जवाब दिया है, बल्कि सेमीफाइनल की राह में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली है।






