होली सिर्फ रंगों का नहीं, मस्ती और स्टाइल का भी त्योहार है। बाजार रंगों से सजे हैं, घरों में गुजिया की खुशबू है… लेकिन क्या आपने सोचा है कि इस बार होली पर क्या पहनना है? सही कपड़े चुनना बेहद जरूरी है, क्योंकि गलत फैब्रिक और बेढंगी ड्रेस आपके त्योहार का मजा फीका कर सकती है। आइए जानते हैं—कैसे बनाएं अपनी होली को स्टाइलिश और कंफर्टेबल।
फैब्रिक ऐसा जो दे पूरा कंफर्ट

होली पर पतले और हल्के कपड़ों से दूरी ही बेहतर है। पानी पड़ने पर ऐसे कपड़े असहज स्थिति पैदा कर सकते हैं। कॉटन या कॉटन-ब्लेंड फैब्रिक सबसे बेहतर विकल्प हैं। ये पसीना सोखते हैं और पूरे दिन आराम देते हैं।
लेयरिंग से मिलेगा स्मार्ट लुक
सूखे रंग हों या पानी की बौछार—दोनों से बचाव के लिए फुल स्लीव्स और ढके हुए कपड़े पहनें। अंदर टी-शर्ट और ऊपर लूज फिट कुर्ता या टॉप पहनना स्मार्ट ऑप्शन है। इसे प्लाजो, सलवार, डेनिम या पैंट के साथ पेयर करें। कंट्रास्ट दुपट्टा आपके लुक में चार चांद लगा देगा।
फुटवियर रखें सिंपल और मजबूत
होली के दिन महंगे या हील्स वाले फुटवियर से बचें। फ्लिप-फ्लॉप, रबर स्लिपर, स्नीकर्स या जूती जैसे आरामदायक विकल्प चुनें। ध्यान रखें—जूते ऐसे हों जो भीगने पर खराब न हों और फिसलन से बचाएं।
एक्सेसरीज में रखें सादगी

आंखों की सुरक्षा के लिए सनग्लासेस पहनें। बालों को रंगों से बचाने के लिए स्कार्फ या दुपट्टा बांध सकते हैं। भारी जूलरी या महंगी घड़ी को इस दिन अलमारी में ही रहने दें।
सफेद है सबसे हिट
होली और सफेद रंग का रिश्ता खास है। सफेद या पेस्टल शेड्स पर रंग उभरकर आते हैं और तस्वीरें भी शानदार लगती हैं। गहरे रंगों में होली का असली इफेक्ट नजर नहीं आता।
ऐसे स्टाइल करें अपना व्हाइट कुर्ता
-बांधनी या लहरिया दुपट्टे के साथ पेयर करें।
-ऑक्सिडाइज्ड झुमके या चंकी कड़े से एथनिक टच दें।
-स्ट्रेट पैंट, प्लाजो या डेनिम के साथ फ्यूजन लुक अपनाएं।
-कोल्हापुरी चप्पल या पुराने स्नीकर्स परफेक्ट रहेंगे।
-डेनिम या कलरफुल जैकेट से हटकर अंदाज पाएं।
-हेयरस्टाइल सिंपल रखें, मेकअप हल्का ही बेहतर है।
-होली पर याद रखें—कंफर्ट और स्टाइल का कॉम्बो ही आपको होली पार्टी की जान बनाएगा। तो इस बार कलर्स के साथ अपने फैशन का भी जश्न मनाइए।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






