-केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कांग्रेस से स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू ना करने सहित पूछे कई सवाल, विपक्ष पर लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप
जयपुर। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को पार्ट टाइम “पॉलिटिशियन” और फुल टाइम “ड्रामेबाज” बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में ट्रेड और ट्रेडिशन की समझ नहीं है। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान में सबसे कमजोर विपक्ष है। विपक्ष लगातार झूठ बोलकर सदन और जनता को गुमराह करना चाह रहा है। कृषि मंत्री ने राहुल गांधी से कुछ सवालों के जवाब भी मांगे। आपको बता दें कि केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर में दुर्गापुरा स्थित राजस्थान कृषि प्रबंधन संस्थान से “भारत विस्तार” का शुभारंभ किया।
स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट कांग्रेस ने नहीं की लागू
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार किसान हित में कार्य कर रहे हैं और विपक्ष लगातार झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहा है। संसद के इतिहास में विपक्ष का ऐसा रूप पहली बार देखने को मिल रहा है। शिवराज सिंह ने राहुल गांधी से सवाल पूछा कि जब कांग्रेस शासन था, तब कृषि पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को क्यों लागू नहीं किया गया, इसमें किसान की लागत पर 50 फीसदी मुनाफा देकर ही समर्थन मूल्य घोषित किया जाना चाहिए। लेकिन कमेटी की सिफारिश के बाद भी उसे लागू नहीं किया गया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे लागू किया।
यह भी देखें: टेंडर पुलिंग से हजारों करोड़ का खेल, जल जीवन मिशन में मुख्य अभियंता समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
कांग्रेस ने 36 रुपए किलो में चीनी खरीदी और 12.50 रुपए किलो में बेच दी

दूसरे सवाल में कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने पूछा कि मनमोहन सिंह सरकार के समय रिकॉर्ड चीनी उत्पादन हुआ, लेकिन स्टॉक के लिए बफर स्टॉक नहीं बनाया, निर्यात करने की छूट देकर किन्हें लाभ पहुंचाया। उत्पादन जब ज्यादा था तो भण्डारण नहीं किया, जब दाम गिरे तब किसानों को बचाया नहीं गया। उन्होंने कहा कि 36 रुपया किलोग्राम से चीनी आयात की और उसे 12.50 रुपए किलो की रेट से निर्यात किया, ये कैसा व्यापार है।
PM मोदी 80 करोड़ लोगों को दे रहे निशुल्क अन्न
कृषि मंत्री ने पूछा कि वर्ष 2009-10 में 20 रुपया किलोग्राम आटा था, तब 12 रुपए प्रति किलो से निर्यात कर दिया गया। यह किन लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा था। शिवराज सिंह ने पूछा कि जब देश में प्रचुर मात्रा में अनाज था और गोदामों में सड़ रहा था, उस समय सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा था कि इसे खराब होने के बजाय गरीबों में बांट दिया जाए, तब यूपीए सरकार ने कहा था कि संसद के काम में सुप्रीम कोर्ट दखल ना करे। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब कल्याण अन्न योजना बनाई और 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क अन्न उपलब्ध करवाया जा रहा है।
अमरीका से ट्रेड डील में किसानों के हितों से नहीं किया समझौता
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अमरीका के साथ ट्रेड डील को लेकर विपक्ष की ओर से झूठ फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमरीका और अन्य देशों के साथ समझौते करने में भारत की संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री का कहना है कि हम भारत को झुकने नहीं देंगे। कृषि मंत्री चौहान ने साफ कहा कि जिम्मेदारी से कहता हूं कि किसान या डेयरी हितों से कोई भी समझौता नहीं किया गया है। हालांकि, उन्होंने माना कि तुर्किए से मंगाए जाने वाले सेब के साथ ही अमरीका से भी सेब आयात कर रहे हैं। यही सेब अमरीका से जब भारत आता है तो सारे खर्चे मिलाकर यहां ग्राहक के हाथ में मात्र 150 रुपए प्रतिकिलो में पड़ेगा, तब भी हमने अपने किसानों का खयाल रखा है। हमारे सारे फल और सब्जियां हर प्रकार से सुरक्षित हैं। बल्कि मसालों के निर्यात के रास्ते भी खुले हैं। अब विश्व में कई देशों को राजस्थान के मसाले निर्यात होंगे।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






