– AI समिट विवाद पर जयपुर में बवाल, कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतरा युवा मोर्चा
जयपुर। राजधानी जयपुर शनिवार दोपहर सियासी गर्मी से तप उठी, जब भाजपा युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। शहीद स्मारक से शुरू हुआ विरोध मार्च कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग से रोक लिया और देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए। दोपहर करीब 12 बजे शहीद स्मारक पर जुटे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां और झंडे लिए कार्यकर्ता एआई समिट का विरोध, भारत का विरोध है’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में व्यवधान डालकर देश की छवि धूमिल की।
यह भी देखें: जयपुर से CM, 2 डिप्टी CM और एक केबिनेट मंत्री, फिर भी बजट में भरतपुर जिले से 72 करोड़ कम मिले
शहीद स्मारक से कांग्रेस दफ्तर तक ‘वार’

शहीद स्मारक से मार्च करते हुए कार्यकर्ता संसार चंद्र रोड के रास्ते कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े। पहले से सतर्क पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास बैरिकेडिंग कर दी थी। जैसे ही जुलूस वहां पहुंचा, पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। यहीं से माहौल गरमा गया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे पार करने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें नीचे उतारने के लिए बल प्रयोग किया। धक्का-मुक्की के बीच मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा समेत कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग से फिसलकर नीचे गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और नारेबाजी तेज हो गई। करीब आधे घंटे तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी का माहौल बना रहा। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने समझाइश देकर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया ताकि स्थिति बिगडऩे न पाए। करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया। कार्यकर्ताओं को वहीं रोक दिया गया और कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढऩे नहीं दिया गया।
‘देश की छवि से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’: शंकर गोरा

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एआई समिट का विरोध, भारत का विरोध है। जब देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी नवाचार में वैश्विक पहचान बना रहा है, तब ऐसे मंच पर व्यवधान उत्पन्न करना राष्ट्रहित के खिलाफ है।‘ गोरा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस अब देश की उपलब्धियों पर भी सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि इस मुद्दे पर प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और युवाओं को राष्ट्रहित से जुड़े तथ्यों से अवगत कराया जाएगा।
ऐसी ही खबरों के लिए देखते रहें: DemocraticBharat.com






