Home » टॉप स्टोरी » खाटू के फाल्गुनी मेले में उमडे़गा 35 लाख भक्तों का महासागर, सुरक्षा का अभेद्य कवच तैयार

खाटू के फाल्गुनी मेले में उमडे़गा 35 लाख भक्तों का महासागर, सुरक्षा का अभेद्य कवच तैयार

-5 हजार पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा, 350 सब-सेक्टर, 22 सेक्टर और चप्पे-चप्पे पर CCTV


जयपुर।
खाटू श्याम का फाल्गुनी मेला 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। इस दौरान करीब 35 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, दर्शन व्यवस्था और भीड़ को संभालने के लिए 5 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया है। इस सम्बंध में राजस्थान पुलिस, जिला प्रशासन, श्री श्याम मंदिर कमेटी और खाटूश्याम धाम ने पूरी तैयारी कर ली है, जिससे खाटू भक्त सुरक्षित और सहज बाबा के दरबार तक पहुंच सके।

यह भी देखें:  8 वें वेतन आयोग का झांसा, सरकारी कर्मचारी का एक क्लिक में खाली हो रहा खाता

पदयात्रियों के लिए बनाया 17 किमी का खास कॉरिडोर

इस बार पदयात्रियों के लिए रींगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लम्बा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है। इस पर वाहनों की नो एंट्री रहेगी। इस पैदल यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पेयजल, शौचालय और विश्राम की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। इस रास्ते की सुरक्षा-व्यवस्था का भी खास खयाल रखा गया है। इस कॉरिडोर के जरिए पदयात्री आराम से अपना सफर पूरा कर सकेंगे।

 

रथ यात्रा पर सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद

मंदिर कमेटी 27 फरवरी को सुबह 10:30 बजे एकादशी पर भव्य रथ यात्रा भी निकालेगी, जो प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इस दौरान तंग रास्तों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष बैरिकेडिंग, मजिस्ट्रेट तैनाती और एक्सट्रा फोर्स की तैनात रहेगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन पहले की ही तरह लागू रहेगा।

पुलिस ने ऐसा बनाया अभेद्य सुरक्षा कवच

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी.के.सिंह ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पूरे क्षेत्र को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में बांटा है, वहीं 5 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया है। मैन पॉइंट पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता, अस्थायी चौकियां और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला परिसर में CCTV कैमरे लगाए गए हैं और सेंट्रल कंट्रोल रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर मेले से संबंधित सभी सूचना मिलेंगी।

44 एलईडी स्क्रीन और QR कोड से मिलेगी मदद

सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मंदिर परिसर और प्रमुख प्रवेश द्वारों पर 44 डिजिटल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इन पर दर्शन का वेटिंग टाइम, पार्किंग उपलब्धता, सुरक्षा निर्देश, आपातकालीन नंबर, आरती समय और मौसम अलर्ट की सूचना मिलती रहेगी। गुमशुदा व्यक्तियों और सामान की जानकारी भी लाइव प्रसारित की जाएगी। इसके साथ ही QR कोड आधारित मार्गदर्शन प्रणाली श्रद्धालुओं को आसान नेविगेशन में मदद करेगी।

12 पुलिस सहायता बूथ बनेंगे मददगार

मेला परिसर में 12 स्थानों पर पुलिस सहायता बूथ भी बनाए गए हैं। ये सभी आपस में लैंडलाइन और वायरलेस सुविधायुक्त रहेंगे। यहां पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह समस्या होने पर तुरंत सहायता मिलेगी। यहां पर किसी के परिजन अथवा सामान के खोने या पाने की स्थिति में भी सूचना दी जा सकेगी। यहां नियुक्त कार्मिक श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार सूचना के आदान-प्रदान में मदद करेंगे।

 

25 हजार से अधिक वाहनों के लिए रंग-कोडेड नि:शुल्क पार्किंग

 

पुलिस ने खाटू धाम पर रोजाना जाने वाले करीब 25 हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग की भी माकूल व्यवस्था की है। इसके लिए चार बड़े नि:शुल्क पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इन्हें रंग-कोडेड जोन में बांटा गया है। बावन बीघा पार्किंग को पीले रंग, सांवलपुरा पार्किंग को हरे, लामिया रोड़ पार्किंग को नीले और दातारामगढ़ पार्किंग को गुलाबी रंग कोड दिया गया है। इनके क्यूआर कोड तैयार कर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालु आसानी से वाहन पा​र्क कर सकें। इसके साथ ही इन चारो पार्किंग के ऊपर इन्हीं के कोड रंगों वाले बड़े बैलून लगाए जा रहे हैं ताकि दूर से ही श्रद्धालु इनकी दिशा को जान सकें। पार्किंग से दर्शन स्थल तक आने-जाने के लिए 2000 ई-रिक्शा पास जारी किए गए हैं, जो मात्र 25 रुपए में श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थल तक पहुंचाएंगे।

अतिरिक्त जिगजैग मार्ग, फुट ब्रिज और होल्डिंग एरिया

श्रद्धालुओं के दबाव को कम करने के लिए मांगीलाल धर्मशाला से रूलानिया ढाणी होते हुए अतिरिक्त जिगजैग मार्ग बनाया गया है, जो लखदातार ग्राउंड से प्रवेश दिलाएगा। प्रमुख स्थलों पर फुट ब्रिज तैयार किए गए हैं। अत्यधिक श्रद्धालुओं की स्थिति में रींगस-खाटू रोड पर 40 बीघा के न्यू होल्डिंग एरिया में ब्लॉक बनाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से रोका जाएगा।

ऐसी ही खबर पढ़ने के लिए देखें: DemocraticBharat.com

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x