-डेढ़ किलो सोना, 3 किलो चांदी, 4 मकान, 4 प्लॉट, 17 हैक्टेयर भूमि, 76 लाख नकद और 5 वाहन मिले, बाप पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कानासर में कार्यरत है भ्रष्ट कनिष्ठ सहायक
जयपुर। एसीबी मुख्यालय की कई टीमों ने फलोदी की बाप पंचायत समिति के कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार (छीपा) के 5 ठिकानों पर रेड मारी। इस दौरान एसीबी टीम को कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार के ठिकानों पर वैध आय से अलग 938 फीसदी से अधिक भ्रष्ट तरीकों से कमाई अवैध परिसम्पत्तियां मिलीं। इनकी अनुमानित कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। एसीबी ने कनिष्ठ सहायक के खिलाफ आय से अधिक अवैध परिसम्पत्तियां मिलने का मामला दर्ज किया है। एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में मौके पर विभिन्न स्थानों पर सर्च कार्यवाही चल रही है।
इतना मिला अवैध आय का खजाना

एसीबी के डीजी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी के मातेश्वरी एन्कलेव कॉलोनी स्थित मकान से करीब 76 लाख रुपए नकद मिले हैं। वहीं मातेश्वरी एन्क्लेव और बागीनाडा छीपों का मोहल्ला से डेढ़ किलो सोना और करीब 3 किलो चांदी मिली है। वहीं आरोपी के बीकानेर शहर में तीन आलीशान मकान और 2 भूखंड हैं। आरोपी का एक आलीशान मकान और दो भूखंड पुनरासर गांव में भी है। इतना ही नहीं आरोपी कनिष्ठ सहायक के पास 17 हैक्टेयर कृषि भूमि भी है। आरोपी के पास एक स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट कार, एक बोलेरो कैम्पर, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक हीरो मोटरसाइकिल भी है। करोड़ों रुपए के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं|
यह भी देखें: FASTag यूजर्स अलर्ट! NHAI की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठग रहे साइबर अपराधी
कोर्ट से वारंट लेकर मारी रेड
एसीबी के डीजी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो मुख्यालय को इस सम्बंध में गोपनीय शिकायत मिली। इस पर एसीबी एसयू बीकानेर ने इसका सत्यापन किया। इसके बाद एसीबी की विभिन्न टीमों ने बीकानेर में जयनारायण व्यास कॉलोनी, वैष्णोधाम के सामने मातेश्वरी एन्क्लेव, जयपुर रोड, गंगाशहर में बागीनाडा छीपों का मोहल्ला, आरोपी के गांव पुनरासर और आरोपी के कार्यालय ग्राम पंचायत कानासर सहित 5 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। कार्रवाई से पहले एसीबी ने कोर्ट से तलाशी वारंट लिया, इसके बाद भ्रष्ट कनिष्ठ सहायक के रेड मारी गई।
इस टीम ने की कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को बीकानेर एसीबी रेंज के उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में बीकानेर चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और एसीबी चौकी एसयू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने अंजाम दिया।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






