– हार्डकोर अपराधी लूट और हमले के 12 संगीन मामलों में था वांछित; बहरोड टी-पॉइंट पर पुलिस ने बुना जाल
अलवर। अलवर की वैशाली नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान उर्फ सरकार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी दिनों से फरार चल रहा था। SP सुधीर चौधरी का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। वैशाली नगर थाना पुलिस को लूट के एक मामले में फिरोज खान की तलाश थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों के खुलासे होने की पूरी उम्मीद है।
हार्डकोर बदमाश को पकड़ने की नाकाबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान किसी बड़ी वारदात की फिराक में इलाके में सक्रिय है। इस पर वृत्ताधिकारी उत्तर अंगद शर्मा और वैशाली नगर थानाधिकारी गुरुदत्त सैनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बहरोड टी-पॉइंट पर नाकाबंदी की और तकनीकी सहायता के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस की स्पेशल टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
यह भी देखें: 7 साल से चकमा दे रहा इनामी बदमाश फरीदाबाद से गिरफ्तार, टोंक में की थी बड़ी वारदात
12 संगीन मामले दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज खान उर्फ सरकार (25) निवासी मन्नाका, वैशाली नगर थाने का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के खिलाफ अलवर के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, जानलेवा हमला, अपहरण और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 12 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के कारण जयपुर रेंज आईजी ने उस पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
इस टीम ने दबोचा बदमाश
इस सफल ऑपरेशन में हैड कांस्टेबल जान मोहम्मद और कांस्टेबल रामू की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी और सूचना तंत्र के जरिए आरोपी तक पहुंचने में मदद की। टीम में डीएसटी प्रभारी धीरेन्द्र सिंह, एएसआई कासम खान और वैशाली नगर थाने के जवान शामिल थे।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






