-खाटूश्यामजी के फाल्गुनी मेले में उमड़ रहे भक्त, रथ यात्रा में आ सकते हैं 35 लाख श्रद्धालु
सीकर। विश्वविख्यात खाटू बाबा धाम पर चले रहे फाल्गुनी मेले में रोजाना भक्तों का ज्वार उमड़ रहा है। मेले के शुरुआती तीन दिनों में ही 4,10,316 श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं। फाल्गुनी एकादशी के दिन सर्वाधिक भक्त आएंगे। क्योंकि, इस दिन बाबा श्याम की रथ यात्रा निकलेगी। पुलिस, जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने भक्तों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा खयाल रखा है। 14 कतारों वाली दर्शन व्यवस्था के कारण सभी भक्त आराम से दर्शन कर रहे हैं। आपको बता दें कि फाल्गुनी मेला 28 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान करीब 35 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
सतर्कता के साथ सेवा भाव के भी दिए निर्देश
मुख्य मेले और फाल्गुन एकादशी की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने पुलिस अधीक्षक सीआईडी अपराध शाखा ज्येष्ठा मैत्रेयी के साथ मेला क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने मेला बाजार, मुख्य मंदिर परिसर और विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा चक्र और भीड़ प्रबंधन की रणनीतियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने धरातल पर तैनात जाब्ते को निर्देश दिए कि मुख्य मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवक को देखते हुए सतर्कता और सेवा भाव बनाए रखें।
यह भी देखें: आखिर क्यों लगाया जाता है माता शीतला को बासी भोजन का भोग?
दिव्यांगों के लिए विशेष सारथी
फाल्गुनी मेले में दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल से दर्शन केंद्र तक उन्हें विशेष वाहनों से लाया जा रहा है और वहां से पुलिसकर्मी स्वयं व्हीलचेयर से उन्हें आराम से दर्शन करवा रहे हैं। एसपी नूनावत के अनुसार खाटूधाम आने वाला हर श्रद्धालु पुलिस के लिए परिवार के सदस्य की तरह है। उनकी सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
यह भी देखें: खाटू के फाल्गुनी मेले में उमडे़गा 35 लाख भक्तों का महासागर, सुरक्षा का अभेद्य कवच तैयार
कन्हैया मित्तल की अपील: अवगुण छोड़ें, गंदगी न फैलाएं
प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने वीडियो संदेश जारी कर श्याम भक्तों से एक अवगुण छोड़ने की अपील की है। साथ ही मेले में गंदगी और फूहड़ता नहीं फैलाने का संदेश दिया है।
सेल्फी लो और पुरस्कार पाओ
पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए इस बार खाटू धाम मेले में सेल्फी प्रतियोगिता आयोजित की गई है। श्रद्धालु पुलिस की मदद या अच्छी व्यवस्था के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। चुनी गई 100 श्रेष्ठ सेल्फी को राजस्थान पुलिस पुरस्कृत करेगी। मेले के होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जा रही है और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ऐसी ही खबरों के लिए देखें: Democraticbharat.com






