– गिरोह के तार हिण्डौन, करौली, गंगापुर सिटी और जयपुर तक फैले हुए थे, अब तक 14 गिरफ्तार
IPL and Big Bash matches bets जयपुर। करौली पुलिस ने ऑपरेशन शिकंजा के तहत ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह के 8 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह आईपीएल और बिग बैश लीग सहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच पर करोड़ों का सट्टा लगवाता था। आरोपियों ने क्रिकेट गुरु लाइव जैसे ग्रुप बना रखे थे। इन पर लोगों को 1 रुपए के बदले में दोगुना पैसा देने का लालच देते थे। सट्टे की राशि का लेन-देन फोन-पे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से करते थे। इस गिरोह के तार हिण्डौन, करौली, गंगापुर सिटी और जयपुर तक फैले हुए थे। आपको बता दें कि इस हाईटेक सट्टा नेटवर्क में अब तक कुल 14 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
करोड़ों के अवैध मुनाफे का चल रहा था खेल
करौली एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि संगठित अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने हिंडौन निवासी रहीस (02 मुकदमे), विक्रम (05 मुकदमे), दिनेशचंद ( 03 मुकदमे), संतोष (07 मुकदमे), रामनिवास (03 मुकदमे), भगवान सहाय (03 मुकदमे), हेमराज उर्फ हेमू (01 मुकदमे) और बबलू (04 मुकदमे) को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सट्टा किंग अमीनउद्दीन और अन्य मुख्य सरगनाओं के संपर्क में रहकर करोड़ों के अवैध मुनाफे का खेल खेल रहा था।
यह भी देखें: साइबर ठगी के नए अड्डे बने मैट्रोमोनियल और डेटिंग एप, दोस्ती के बाद निवेश के नाम पर धोखाधड़ी
भरतपुर आईजी के निर्देशन में की गई कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग आईजी भरतपुर रेंज कैलाश चन्द्र विश्नोई के निर्देशन में की गई। सदर हिण्डौन थानाधिकारी पुरुषोत्तम लाल और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग से आरोपियों को दबोचा। इस सफलता में कांस्टेबल प्रधान और हेमेन्द्र की विशेष भूमिका रही।






