Home » राजस्थान » प्रतापगढ़ में किराना स्टोर में चल रही थी MD ड्रग की फैक्ट्री, 5 करोड़ के नशीले पदार्थ पकड़े

प्रतापगढ़ में किराना स्टोर में चल रही थी MD ड्रग की फैक्ट्री, 5 करोड़ के नशीले पदार्थ पकड़े

– रेड पड़ते ही आरोपी हुए फरार, पुलिस कर रही तलाश

 

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस ने शहर में किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही MD ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 106 ग्राम शुद्ध एमडी और एमडी तैयार करने में प्रयुक्त होने वाला 114.750 किलो लिक्विड कैमिकल बरामद किया है। इसकी बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण इलेक्ट्रॉनिक इंडेक्स हीटर, ब्लोअर मशीन, कांच के प्रयोगशाला फ्लास्क, बड़े जार, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, विशेष मिक्सिंग मशीनें, सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले रबर ग्लव्स और बाल्टियां भी जब्त की गईं। प्रतापगढ़ एसपी के निर्देश पर थानाधिकारी शंभूसिंह ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

 

यह भी पढे़ं : कठूमर BJP प्रधान संगम चौधरी का आरोप, भ्रष्ट सरपंचों को बचाने के लिए BJP MLA रमेश खींची नहीं करने दे रहे पद ग्रहण

 

रसायनों से होने लगी आंखों में जलन, भारी मात्रा में मिला ड्रग्स

 

प्रतापगढ़ पुलिस ने किराना स्टोर में चल रही एमडी ड्रग फैक्ट्री से जब्त किया सामान।
प्रतापगढ़ पुलिस ने किराना स्टोर में चल रही एमडी ड्रग फैक्ट्री से जब्त किया सामान।

एसपी बी.आदित्य ने बताया कि वाटरवर्क्स रोड स्थित नाकोड़ा किराना के पीछे संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम गोदाम के अंदर बने गुप्त कमरे में दबिश दी गई। वहां पहुंचते ही पुलिसकर्मियों की आंखों में तेज जलन होने लगी और रसायनों की तेज गंध आ रही थी। जांच के दौरान वहां पर भारी मात्रा में ड्रग्स और उसे बनाने का सैटअप मिला।

 

दुकानदार निकले ड्रग्स माफिया, आरोपी फरार

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी धर्मचन्द मोगरा जैन और रोहित मोगरा जैन किराना व्यापार की आड़ में इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच अरनोद थानाधिकारी शिवलाल को सौंपी है। इस बड़े ऑपरेशन को सफल बनाने में प्रतापगढ़ थानाधिकारी शंभूसिंह के साथ सीओ ऑफिस के कानिस्टेबल पंकज बिश्नोई और संजय की विशेष भूमिका रही।

 

ऐसी ही खबरों के लिए देखेंः DemocraticBharat.com

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x