-तीन अभ्यर्थियों की जगह दी थी परीक्षा…सभी हुए चयनित, आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया
SI recruitment exam2021 जयपुर। आखिरकार SOG ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे इनामी डमी अभ्यर्थी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अशोक कुमार ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान लगातार तीन दिन 13 से 15 सितम्बर तक विभिन्न अभ्यर्थियों की जगह डमी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर परीक्षा दी थी। इससे सम्बंधित अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हो गए। एसओजी ने आरोपी अशोक कुमार पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। सोमवार को आरोपी को फलौदी पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि आरोपी अशोक कुमार फलौदी के मटोल पाट गांव का रहने वाला है।
लगातार तीन दिन दी थी दूसरों की जगह परीक्षा
SOG के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी अशोक कुमार 13 सितम्बर 2021 को श्याम प्रताप सिंह, 14 सितम्बर को श्रवण कुमार गोदारा और 15 सितम्बर को मदनलाल की जगह डमी परीक्षार्थी बना था। ये तीनों एसआई भर्ती में चयनित भी हो गए थे। आरोपी ने लिखित परीक्षा देकर संगठित धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इस मामले में श्याम प्रताप सिंह, श्रवण कुमार गोदारा और मदनलाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके खिलाफ कोर्ट में आरोप-पत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं।
यह भी देखेंः प्रतापगढ़ में किराना स्टोर में चल रही थी MD ड्रग की फैक्ट्री, 5 करोड़ के नशीले पदार्थ पकड़े
5 फरवरी तक रिमांड पर, अब तक 139 आरोपी पकड़े
SOG के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि अभियुक्त अशोक कुमार वर्ष 2024 से फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर ₹50,000/- का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त को सोमवार को फलोदी पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 5 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर ले लिया है। आपको बता दें कि मामले में एसओजी ने अब तक 63 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, 06 चयनित उपनिरीक्षक सहित कुल 139 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसओजी मामले की गहनता से जांच कर रही है।
ऐसी ही खबरों के लिए देखेंः DemocraticBharat.com






