जयपुर। करौली पुलिस ने 25 हजार इनामी कुख्यात डकैत दीवान गुर्जर को धौलपुर से गिरफ्तार किया है। डकैत दीवान गुर्जर 10 वर्ष से फरार चल रहा था। यह कुख्यात डकैत जगदीश गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य है। कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ मफरूरी वारंट भी जारी कर रखा था। आरोपी धौलपुर जिले के बाड़ी सदर के बरेड थाने का निवासी है।
यह भी देखें: झालावाड़ में फर्जी करेंसी गैंग पकड़ी, 500 के 103 नकली नोट जब्त, 3 गिरफ्तार
यह है पूरा मामला
एसपी सोनवाल ने बताया कि सूरोठ थाना क्षेत्र में 8 अगस्त, 2016 की रात परिवादी के घर नकाबपोश बदमाश घुस गए। उन्होंने हथियारों के बल पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और डकैती का प्रयास किया। बदमाश तिजोरी नहीं खोल सके, लेकिन 4 तोला सोना और ₹3240 नकद लेकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सूरौठ में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने ऐसे दबोचा डकैत
यह पूरी कार्रवाई भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चन्द्र विश्नोई-SP लोकेश सोनवाल के निर्देशन और हिण्डौन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र पाल सिंह के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी सूरौठ सोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम एएसआई विष्णु कुमार, कांस्टेबल योगेंद्र सिंह और देशराज ने आरोपी का लगातार पीछा कर धौलपुर के बीहड़ जंगलों से गिरफ्तार किया गया।
7 पहले ही गिरफ्तार, कई राज्यों में मामले दर्ज
इस मामले में पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर डकैती विशिष्ट न्यायालय, जिला एवं सत्र न्यायाधीश करौली में चालान पेश किया जा चुका है। डकैत जगदीश गुर्जर एवं उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ राजस्थान, उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश में डकैती, नकबजनी, मारपीट एवं गंभीर अपराधों के कई प्रकरण दर्ज हैं।
ऐसी ही खबर पढ़ने के लिए देखें: DemocraticBharat.com






