-तीन दिन चलेगी कॉन्फ्रेंस, देश-विदेश के 250 से अधिक प्लास्टिक सर्जन लेंगे भाग
reconstructive surgery जयपुर। चिकित्सा जगत में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। जयपुर 12 फरवरी से रिकंस्ट्रक्टिव माइक्रोसर्जरी के क्षेत्र में देश-दुनिया के दिग्गज सर्जनों का गवाह बनेगा। इंडियन सोसायटी ऑफ रिकंस्ट्रेक्टिव माइक्रोसर्जरी (आईएस आर एम) की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 12 से 15 फरवरी तक झालाना स्थित RIC में आयोजित की जाएगी। चार दिवसीय इस सम्मेलन में देश-विदेश से आए विशेषज्ञ कटी जीभ, हाथ-पांव, दुर्घटनाओं में क्षतिग्रस्त अंगों और कैंसर से खराब हुए चेहरे की रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी की नई तकनीकों पर गहन चर्चा करेंगे।
यह भी देखें: राजस्थान में ऑर्गन डोनेट और ट्रांसप्लांट के लिए जल्द शुरू होगा लाइव पोर्टल, जुड़ेंगे सभी अस्पताल
देश-दुनिया के टॉप सर्जन करेंगे शिरकत
कॉन्फ्रेंस में अमेरिका, ब्रिटेन, स्पेन, फ्रांस सहित कई देशों के ख्यातिप्राप्त प्लास्टिक और कॉस्मेटिक सर्जन शिरकत करेंगे। आईएसआरएम के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. जी.एस. कालरा और सचिव डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में 250 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर भाग लेंगे। माइक्रो लेवल पर की जाने वाली जटिल रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी, विशेष रूप से लिम्ब साल्वेज सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर फोकस रहेगा।
विशेषज्ञ सफल केस स्टडी करेंगे साझा
इस दौरान सड़क दुर्घटना, औद्योगिक हादसों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों में क्षतिग्रस्त हुए अंगों की पुनर्निर्माण सर्जरी के नए तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन, पैनल डिस्कशन और स्पीच सेशंस के माध्यम से विशेषज्ञ अपने शोध, अनुभव और सफल केस स्टडी साझा करेंगे। इससे युवा सर्जनों और मेडिकल छात्रों को भी अत्याधुनिक तकनीकों को समझने और सीखने का अवसर मिलेगा।
राजस्थान की मेडिकल टूरिज्म में बनेगी पहचान
डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस का एक प्रमुख उद्देश्य राजस्थान को मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मौजूदगी से न केवल प्रदेश की चिकित्सा क्षमताओं को वैश्विक मंच मिलेगा, बल्कि जटिल रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी के लिए जयपुर को एक भरोसेमंद केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। सम्मेलन से चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






